ओडिशा से गुजरात जा रहा था गांजा, 4 तस्कर गिरफ्तार

रेहटीखोल में पुलिस की घेराबंदी से फंसे राजस्थान के चार आरोपी, बैग से 27.590 किलो गांजा बरामद
महासमुंद। पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम रेहटीखोल स्थित एनएच-53 पर पुलिस ने घेराबंदी कर पैदल जा रहे चार संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके बैग से 27.590 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की कीमत 13 लाख 79 हजार 500 रुपए आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चार व्यक्ति ओडिशा की ओर से गांजा लेकर छत्तीसगढ़ में प्रवेश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही एएनटीएफ और सिंघोड़ा पुलिस की टीम ने रेहटीखोल के पास एनएच-53 पर घेराबंदी की। कुछ देर बाद पैदल आ रहे चार संदिग्धों को रोककर पूछताछ की गई। तलाशी में उनके बैग से गांजा बरामद होने पर चारों को हिरासत में ले लिया गया।
फुलबानी से अहमदाबाद ले जा रहे थे गांजा
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे ओडिशा के कंधमाल जिले के फुलबानी से गांजा लेकर गुजरात के अहमदाबाद जा रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजे के अलावा चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। मोबाइल की कीमत 25 हजार 500 रुपए बताई गई है। इस तरह पुलिस ने कुल 14 लाख 5 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की है।
राजस्थान के एक ही क्षेत्र के रहने वाले चारों आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रणछोड़ पटेल (28), प्रवीण कुमार पटेल (24), संजय सिंह (25) और नारायण वाराडी (46) के रूप में हुई है। चारों राजस्थान के सिरोही जिले के पिनवाड़ा थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)ii(C) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मामले में गांजा तस्करी के नेटवर्क, स्रोत और गंतव्य से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

इन्हें भी पढ़े