मतदाताओं की सुविधा के लिए नए मतदान केंद्र बनाने की मांग

जिला कांग्रेस अध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव ने जिला निर्वाचन अधिकारी को लिखा पत्र, खल्लारी विधानसभा के प्रस्तावों पर नियमानुसार कार्रवाई का आग्रह
महासमुंद। जिले में मतदान केंद्रों की दूरी और मतदाताओं को होने वाली असुविधा को देखते हुए जिला कांग्रेस कमेटी ने नवीन मतदान केंद्रों की स्थापना एवं मौजूदा केंद्रों के युक्तियुक्तकरण की मांग उठाई है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव ने इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी, महासमुंद को पत्र लिखकर भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
विधायक यादव ने पत्र में विधानसभा क्षेत्र खल्लारी के विभिन्न प्रस्तावित स्थानों पर नए मतदान केंद्र स्थापित करने संबंधी प्रस्तावों पर नियमानुसार विचार करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया में आयोग द्वारा निर्धारित मापदंडों का कड़ाई से पालन किया जाना चाहिए, ताकि मतदाताओं को मतदान के लिए अनावश्यक दूरी तय न करनी पड़े।
दूरी, भवन और भौगोलिक स्थिति का हो परीक्षण
पत्र में नवीन मतदान केंद्रों की प्रस्तावित सूची एवं संबंधित दस्तावेजों का परीक्षण करने की मांग की गई है। साथ ही संबंधित क्षेत्रों की भौगोलिक स्थिति, वर्तमान मतदान केंद्र से दूरी, मतदाताओं की सुविधा तथा उपयुक्त भवनों की उपलब्धता जैसे पहलुओं को ध्यान में रखते हुए निर्णय लेने पर जोर दिया गया है।
मतदाता-अनुकूल हो चुनाव व्यवस्था
द्वारिकाधीश यादव ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक पात्र मतदाता की भागीदारी सुनिश्चित करना निर्वाचन आयोग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। मतदान केंद्र मतदाताओं के लिए सुगम और सुलभ स्थान पर हों, ताकि बुजुर्गों, महिलाओं सहित सभी मतदाताओं को मतदान के दौरान अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारी से प्रस्तावित नए मतदान केंद्रों का निर्धारित मापदंडों के अनुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई एवं संबंधित निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश जारी करने का आग्रह किया है।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने कहा कि मतदान केंद्रों का युक्तियुक्तकरण केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि मतदाताओं की सुविधा और लोकतांत्रिक भागीदारी से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। इसलिए प्रस्तावों पर गंभीरता से विचार कर मतदाता-अनुकूल, सुगम और पारदर्शी मतदान व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।

इन्हें भी पढ़े