शरद पूर्णिमा पर सजेगी भक्ति की महफिल, पद्मश्री भारती बंधु देंगे भजनों की प्रस्तुति
25 अक्टूबर को स्वामी शिवानंद सरस्वती योग भवन में होगा दिव्य भजन संध्या का आयोजन
महासमुंद। शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर शहर में भक्ति और संगीत की अनुपम संध्या सजेगी। दिव्य जीवन संघ, योग भवन महासमुंद के तत्वावधान में 25 अक्टूबर, रविवार को स्वामी शिवानंद सरस्वती योग भवन में दिव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम रात्रि 8 बजे से प्रारंभ होगा।
भजन संध्या में पद्मश्री भारती बंधु अपनी सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देंगे। उनके भक्ति संगीत से श्रद्धालु आध्यात्मिक वातावरण में सराबोर होंगे। आयोजन का उद्देश्य शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर भक्तिमय वातावरण में ईश्वर की आराधना और श्रद्धालुओं को भक्ति संगीत से जोड़ना है।
आयोजन समिति के प्रदीप चन्द्राकर एवं नुकेश चन्द्राकर ने बताया कि भजन संध्या के समापन के बाद श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद एवं स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई है। दिव्य जीवन संघ ने धर्मप्रेमी नागरिकों से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होकर भजन संध्या का आनंद लेने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
