अवैध मुरूम उत्खनन पर खनिज विभाग की कार्रवाई, चैन माउंटेन मशीन जब्त
झगरेनडीह-कुशभांठा सड़क निर्माण के लिए रामपुर की शासकीय, निजी भूमि से हो रहा था उत्खनन, मशीन सील
महासमुंद। जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने ग्राम झगरेनडीह से कुशभांठा सड़क निर्माण के लिए रामपुर क्षेत्र की शासकीय/निजी भूमि से मुरूम उत्खनन करते एक चैन माउंटेन मशीन को मौके से जब्त कर सील कर दिया।
जानकारी के अनुसार पीडब्ल्यूडी के अंतर्गत झगरेनडीह-कुशभांठा सड़क का निर्माण दीपक अग्रवाल कंपनी, शिवरीनारायण द्वारा कराया जा रहा है। सड़क निर्माण के लिए रामपुर की भूमि से मुरूम उत्खनन किए जाने की सूचना पर खनिज विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। कार्रवाई के दौरान उत्खनन में प्रयुक्त चैन माउंटेन मशीन को जब्त कर सील किया गया।
खनिज विभाग के अनुसार मामले में आगे की कार्रवाई छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के प्रावधानों के तहत की जाएगी। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध खनिज उत्खनन में लगे लोगों में हड़कंप की स्थिति है।
कार्रवाई के दौरान खनिज अधिकारी फागुलाल नागेश, सहायक खनिज अधिकारी देवेंद्र कुमार साहू तथा सिपाही प्रशांत कालू एवं मनीष ढीढी मौजूद रहे।
