कोमाखान में दशहरा उत्सव की धूम, आतिशबाजी से नपा अध्यक्ष का स्वागत
सांस्कृतिक कार्यक्रम में उमड़ा जनसैलाब, युवाओं की ऊर्जा और आयोजन की भव्यता ने बांधा समां
महासमुंद। ग्राम कोमाखान (बागबाहरा) में दशहरा पर्व के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू शामिल हुए। कार्यक्रम स्थल पर आयोजन समिति, युवाओं और ग्रामीणों ने उनका उत्साहपूर्ण स्वागत किया। युवाओं ने आतिशबाजी कर श्री साहू का अभिनंदन किया और पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया।
आत्मीय स्वागत से अभिभूत नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने आयोजन समिति, युवा साथियों और ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कोमाखान की धरती में अपनापन है और यहां के युवाओं में ऊर्जा के साथ सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के प्रति जो समर्पण दिखाई देता है, वह सराहनीय है।
श्री साहू ने कहा कि दशहरा केवल उत्सव का पर्व नहीं, बल्कि यह अन्याय और बुराई के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष करने की प्रेरणा देता है। कोमाखान के युवाओं ने जिस उत्साह और मेहनत के साथ आयोजन को भव्य स्वरूप दिया है, वे इसके लिए बधाई के पात्र हैं।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय कलाकारों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया। ग्रामीणों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों की जमकर सराहना की। देर रात तक चले कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग मौजूद रहे। पूरे आयोजन स्थल पर दशहरा पर्व की उमंग, उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।
