समय-सीमा की बैठक में संक्षिप्त और तथ्यपरक उपलब्धियां के साथ पीपीटी प्रस्तुत करने के दिए निर्देश
उप मुख्यमंत्री के दौरे की तैयारियों को लेकर कलेक्टर ने की समीक्षा
बालोद, 21 अक्टूबर 2026/उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री विजय शर्मा के प्रस्तावित दो दिवसीय बालोद प्रवास की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने आज समय-सीमा की बैठक में तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान 23 अक्टूबर को प्रभारी मंत्री द्वारा ली जाने वाली समीक्षा बैठक और 24 अक्टूबर को आयोजित होने वाले लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम के लिए मिनट-टू-मिनट रूपरेखा तैयार की गई। साथ ही विभागीय योजनाओं, विकास कार्यों और जिले की उपलब्धियों पर आधारित प्रेजेंटेशन (पीपीटी) तैयार करने के संबंध में भी प्रमुखता से चर्चा की गई।
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने पीपीटी तैयार करने में संबंधित विभागों की धीमी तैयारी पर नाराजगी जताई। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि पीपीटी प्रेजेंटेशन को अगले दिन प्रथम पाली में ही तैयार कर प्रस्तुत करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रेजेंटेशन में अनावश्यक विस्तृत जानकारी के बजाय जिले की प्रमुख उपलब्धियों, शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन, विकास कार्यों की प्रगति और महत्वपूर्ण परिणामों को संक्षिप्त एवं तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत किया जाए, ताकि समीक्षा बैठक में आवश्यक बिंदुओं पर प्रभावी ढंग से चर्चा हो सके।
अनुपस्थित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश
समय-सीमा की बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों के प्रति कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण बैठकों में अधिकारियों की उपस्थिति और सौंपे गए दायित्वों का समय पर निर्वहन आवश्यक है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा में तैयारियां पूरी करें।
24 अक्टूबर को विकास कार्यों का होगा भूमिपूजन एवं लोकार्पण
उल्लेखनीय है कि 23 और 24 अक्टूबर 2026 को उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री विजय शर्मा का दो दिवसीय बालोद आगमन प्रस्तावित है। इस दौरान विभिन्न विभागों के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया जाएगा। कार्यक्रम में शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को सामग्री वितरण, उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान तथा जिले की विकास उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के लिए संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। जिला प्रशासन द्वारा समीक्षा बैठक और मुख्य कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। इस अवसर पर अपर कलेक्टर सुरेन्द्र कुमार वैद्य, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील कुमार चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर नूतन कंवर, हरिवंश सिंह मिरी एवं एसडीएम डौण्डीलोहारा लवकेश कुमार धु्रव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष सहित राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों के अलावा अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
