जेवर चमकाने का झांसा देकर दो महिलाओं ने किया ठगी का खेल, सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार
महासमुंद। कोमाखान में जेवर साफ करने और नया डिजाइन बनाकर देने का झांसा देकर दो अज्ञात महिलाओं द्वारा सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। शिकायत पर पुलिस ने दोनों अज्ञात महिलाओं के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक ग्राम चंदरपुर निवासी महिला लिना साहू ने शिकायत में बताया कि 17 अक्टूबर को दो अज्ञात महिलाएं उसके घर पहुंचीं। दोनों ने सोने-चांदी के जेवर साफ करने तथा उन्हें नया डिजाइन बनाकर देने का भरोसा दिलाया। उनकी बातों में आकर महिला ने जेवर उन्हें सौंप दिए, लेकिन दोनों महिलाएं जेवर लेकर फरार हो गईं। घटना के बाद महिला को ठगी का अहसास हुआ। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 188/26, 318(3), 318(4), 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर संदिग्ध महिलाओं की तलाश शुरू कर दी है।
