बीच-बचाव करना पड़ा महंगा, युवक पर चाकू से हमला
महासमुंद। आर्केस्ट्रा कार्यक्रम के दौरान चल रही मारपीट में बीच-बचाव करना एक नाबालिग युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि विवाद शांत कराने पहुंचे युवक को पांच लोगों ने घेरकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान एक आरोपी ने चाकू से वार कर उसके बाएं हाथ में चोट पहुंचा दी। मामले में बसना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम चनाट निवासी यश पटेल (17) 19 अक्टूबर की रात करीब 2 बजे ग्राम पुरुषोत्तमपुर में आर्केस्ट्रा देखने गया था। वहां वह ढालम निवासी यथार्थ पटेल के साथ कार्यक्रम देख रहा था। इसी दौरान वहां हो-हल्ला शुरू हो गया और कुछ लोग यथार्थ के साथ मारपीट करने लगे। यश बीच-बचाव करने पहुंचा तो पुरुषोत्तमपुर निवासी प्रेमप्रकाश साहू, पवन साहू, टिकेश्वर साहू, डिगेश्वर साहू और जमदरहा निवासी राज चंद्राकर ने कथित तौर पर एक राय होकर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की।
आरोप है कि राज चंद्राकर ने चाकू से यश पर वार कर दिया, जिससे उसके बाएं हाथ में चोट आई। आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। रिपोर्ट पर बसना पुलिस ने धारा 296, 115(2), 351(2), 118(1), 191(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
