मतदाता सूची में नाम जोड़ने विशेष अभियान तेज, महासमुंद में 3,683 नए मतदाता जुड़े
कॉलेजों और मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाकर युवाओं को किया जा रहा जागरूक, फॉर्म-6 के जरिए पंजीयन की प्रक्रिया समझाई
महासमुंद। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद मतदाता सूची को अधिक समावेशी और अद्यतन बनाने के लिए जिले में स्पेशल ड्राइव अक्टूबर 2026 के तहत मतदाता पंजीयन का विशेष अभियान तेज कर दिया गया है। अभियान के तहत 17 वर्ष से अधिक आयु के पात्र युवाओं के साथ ही मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों को जागरूक कर उनका पंजीयन कराया जा रहा है। जिले में अब तक 3,683 नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़े जा चुके हैं। इनमें 1,482 पुरुष और 2,201 महिला मतदाता शामिल हैं।
विधानसभावार आंकड़ों के अनुसार महासमुंद विधानसभा क्षेत्र में 1,314, खल्लारी में 961, बसना में 975 तथा सरायपाली विधानसभा क्षेत्र में 434 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं। पात्र नागरिकों तक पहुंच बनाने के लिए मतदान केंद्रों के साथ कॉलेजों में भी विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) अपने-अपने मतदान क्षेत्रों में अभियान चलाकर पात्र नागरिकों को पंजीयन के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
पिथौरा कॉलेज में विशेष शिविर, विद्यार्थियों को दी पंजीयन की जानकारी
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर शासकीय महाविद्यालय पिथौरा में स्वीप एवं राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के संयुक्त तत्वावधान में नए मतदाताओं के पंजीयन के लिए एक दिवसीय विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य पात्र विद्यार्थियों को मतदाता के रूप में पंजीकृत होने के लिए प्रोत्साहित करना और उन्हें पंजीयन की पूरी प्रक्रिया से अवगत कराना था।
शिविर में एसडीएम पिथौरा शुभम देव और तहसीलदार मोहित अमिला ने विद्यार्थियों को मतदाता पहचान पत्र बनवाने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज तथा ईसीआईनेट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन की जानकारी दी। विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदान के महत्व और जागरूक मतदाता के रूप में उनकी जिम्मेदारी से भी अवगत कराया गया।
प्राचार्य डॉ. एस.एस. दीवान ने विद्यार्थियों को मतदान की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक, छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे तथा पात्र विद्यार्थियों को फॉर्म-6 वितरित किए गए।
अन्य कॉलेजों में भी जागरूकता कार्यक्रम
इसी क्रम में शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मचेवा तथा स्व. जयदेव सतपथी शासकीय महाविद्यालय में भी विशेष शिविर और मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। यहां पात्र विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रोत्साहित किया गया तथा फॉर्म-6 का वितरण कर ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया समझाई गई।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचें। यदि पात्र होने के बावजूद नाम दर्ज नहीं है तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर अपना पंजीयन कराएं, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
