नशे के खिलाफ गूंजा एकता का संदेश, महासमुंद में बाइक रैली का जोरदार स्वागत

‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का संदेश लेकर निकले राइडर्स का सरायपाली से तुमगांव तक जगह-जगह स्वागत, करीब 600 छात्र-छात्राएं व नागरिक हुए शामिल
महासमुंद। राष्ट्रीय एकता, अखंडता और नशामुक्त समाज का संदेश लेकर देशभर में निकली राष्ट्रीय मोटर साइकिल रैली शुक्रवार को महासमुंद पहुंची। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर में आयोजित होने वाली मुख्य परेड में शामिल होने जा रहे बाइक राइडर्स का जिले में जगह-जगह उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। रैली के जरिए युवाओं को नशे से दूर रहने और देश की एकता-अखंडता को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
ओडिशा से निकली बाइक रैली ने महासमुंद जिले में थाना सिंघोड़ा क्षेत्र से प्रवेश किया। राष्ट्रीय राजमार्ग से होते हुए रैली बसना, सांकरा, पिथौरा, झलप चौक, पटेवा और तुमगांव पहुंची। इस दौरान मार्ग में बच्चों और आम नागरिकों ने रैली का स्वागत किया। रैली में शामिल बाइक राइडर्स ने लोगों को ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करने तथा नशे के दुष्परिणामों से बचने का संदेश दिया।
सरायपाली में तिलक-आरती से हुआ आत्मीय स्वागत
सरायपाली के घंटेश्वरी मंदिर तिराहे पर शासकीय महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बाइक राइडर्स का तिलक और आरती कर आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार नायक, एसडीओपी सरायपाली चंद्रशेखर परमा तथा शासकीय महाविद्यालय बसना की प्राचार्य संध्या भोई ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ और सकारात्मक जीवन अपनाने का आह्वान किया।
ओडिशा टीम ने दिया एकता और नशामुक्ति का संदेश
निरीक्षक समर सिंह एवं विकास किशोर प्रधान के नेतृत्व में आगे बढ़ रही ओडिशा टीम के बाइक राइडर्स ने रास्ते में लोगों से संवाद कर राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति, सामाजिक सद्भाव और नशामुक्त समाज का संदेश दिया। राइडर्स ने सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस पर गुजरात के एकता नगर में होने वाले कार्यक्रम की जानकारी भी लोगों को दी।
तुमगांव में एसपी प्रभात कुमार ने किया स्वागत
रैली के तुमगांव पहुंचने पर बच्चों और आम नागरिकों की मौजूदगी में पुलिस कप्तान प्रभात कुमार ने बाइक राइडर्स का स्वागत किया और उनसे परिचय प्राप्त किया। इसके बाद एसपी प्रभात कुमार स्वयं भी बाइक रैली में शामिल हुए। रैली इसके बाद रायपुर जिले की सीमा की ओर रवाना हुई।
पूरे कार्यक्रम में करीब 600 छात्र-छात्राएं, आम नागरिक, पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। राष्ट्रीय एकता और नशामुक्ति का संदेश लेकर आगे बढ़ रही यह बाइक रैली युवाओं को नशे से दूर रहने, सामाजिक सद्भाव बनाए रखने और देश की एकता-अखंडता के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने के लिए प्रेरित कर रही है।