देवी मंदिरों में शीश नवाकर विधायक सिन्हा ने मांगा क्षेत्र की खुशहाली का आशीर्वाद

बेमचा से सिंघनगढ़ तक पहुंचे विधायक, मां खल्लारी, सोनई रूपई, शीतला माता और लज्जा दाई की पूजा-अर्चना; सुवा-जस जगराता में भी हुए शामिल
महासमुंद। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने शुक्रवार को विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर देवी मंदिरों में पूजा-अर्चना की। उन्होंने मां जगदंबा के विभिन्न स्वरूपों के दर्शन कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली, शांति और निरंतर प्रगति की कामना की।
विधायक सिन्हा ने नवरात्रि के दौरान बेमचा, कौंदकेरा, तुमगांव, भोरिंग, गढ़सिवनी और सिंघनगढ़ पहुंचकर स्थानीय देवी मंदिरों में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने ग्राम बेमचा स्थित मां खल्लारी मंदिर में दर्शन कर पूजा की। इसके बाद कौंदकेरा में मां सोनई रूपई के दरबार में पहुंचकर आशीर्वाद लिया। तुमगांव स्थित शीतला माता मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद वे भोरिंग के खल्लारी माता मंदिर पहुंचे और क्षेत्रवासियों की सुख-शांति एवं समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
इसी क्रम में विधायक गढ़सिवनी स्थित मां लज्जा दाई मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने माता के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद सिंघनगढ़ में आयोजित सुवा एवं जस जगराता कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं से मुलाकात की तथा गांव में विराजित माता के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
शक्ति, आस्था और जनसेवा की प्रेरणा देता है नवरात्रि पर्व
इस अवसर पर विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि नवरात्रि शक्ति की उपासना, आस्था और भक्ति का पर्व है। मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की आराधना से मनुष्य को शक्ति, साहस और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि माता के दर्शन और पूजा-अर्चना से मन को शांति तथा आत्मिक संतोष मिलता है।
उन्होंने मां जगदंबा से प्रार्थना करते हुए कहा कि माता रानी की कृपा क्षेत्र के प्रत्येक परिवार पर बनी रहे और सभी के जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि का वास हो। उन्होंने कहा कि महासमुंद विधानसभा क्षेत्र की जनता की उन्नति, खुशहाली और सर्वांगीण विकास के लिए वे निरंतर प्रतिबद्ध हैं। क्षेत्र में आपसी भाईचारा, सामाजिक सद्भाव और समरसता बनी रहे, यही उनकी कामना है।
विधायक ने विश्वास जताया कि मां जगदंबा के आशीर्वाद से महासमुंद विधानसभा क्षेत्र विकास और प्रगति के पथ पर निरंतर आगे बढ़ेगा तथा क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित होंगे।