सफाई कर्मचारियों से गाली-गलौज और हाथापाई की कोशिश, दुकान संचालकों पर एफआईआर की तैयारी

प्रिया वस्त्रालय के संचालक व पुत्र पर गली में कचरा-कबाड़ फेंकने का आरोप; नपा कर्मचारियों ने दुकान के सामने ही रख दिया जमा कचरा
महासमुंद। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को लेकर नगर पालिका ने अब सख्त रुख अपनाया है। सार्वजनिक गली में लगातार दुकान का कचरा और कबाड़ फेंकने तथा सफाई के लिए पहुंचे नगर पालिका कर्मचारियों के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करने के मामले में प्रिया वस्त्रालय के संचालक हेमंत बोथरा एवं उनके पुत्र वैभव बोथरा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए नगर पालिका कर्मचारियों ने कोतवाली थाने में आवेदन दिया है। कार्रवाई से स्पष्ट है कि नगर पालिका अब सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने और सफाई कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार के मामलों में सख्ती बरतने के मूड में है।
बच्चों के रोजाना आवागमन वाली गली में जमा था कचरा
बताया गया कि प्रिया वस्त्रालय के संचालक और उनके पुत्र द्वारा लंबे समय से दुकान का कचरा एवं कबाड़ गली में फेंके जाने की शिकायत नगर पालिका को मिल रही थी। जिस गली में कचरा जमा होने की शिकायत थी, वहां से गंजपारा प्राथमिक शाला और आंगनबाड़ी के बच्चे प्रतिदिन आवागमन करते हैं। कचरा और कबाड़ जमा रहने से बच्चों के साथ स्थानीय नागरिकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
लगातार शिकायत मिलने पर नगर पालिका के कर्मचारी सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने मौके पर पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान दुकान संचालकों ने कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया और गाली-गलौज करते हुए हाथापाई पर उतारू हो गए।
जिस गली को बनाया कचरा घर, उसी का कचरा दुकान के सामने रख दिया
कर्मचारियों के साथ कथित दुर्व्यवहार के बाद मामला और गरमा गया। नगर पालिका कर्मचारियों ने गली में लंबे समय से जमा कचरे और कबाड़ को हटाकर उसे दुकान के सामने रख दिया। कर्मचारियों का कहना था कि सार्वजनिक गली में जिस कचरे के कारण लोगों को परेशानी हो रही थी, उसे हटाना जरूरी था और दुकान संचालकों को भी यह समझना चाहिए कि सार्वजनिक स्थान कचरा फेंकने की जगह नहीं है।
नगर पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कार्रवाई का उद्देश्य किसी व्यक्ति को परेशान करना नहीं, बल्कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखना और नागरिकों को साफ-सुथरा वातावरण उपलब्ध कराना है।
कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार पर थाने पहुंचे नपा कर्मचारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पालिका कर्मचारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी के साथ कोतवाली थाने पहुंचे और हेमंत बोथरा एवं वैभव बोथरा के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। नगर पालिका प्रशासन का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर कचरा फेंकना और सफाई कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कर्मचारियों का सम्मान और जनहित सर्वोपरि : नपाध्यक्ष
नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने कहा कि शहर की स्वच्छता, बच्चों की सुरक्षा और नगर पालिका कर्मचारियों का सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वच्छता कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार या सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने के मामलों में नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि सार्वजनिक स्थानों और गलियों में कचरा न फेंकें तथा नगर की स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में नगर पालिका का सहयोग करें।