बाथरूम के लिए बेटे के घर गई सास से बहू ने की मारपीट
महासमुंद। ग्राम नरसिंगपुर में घर में बाथरूम नहीं होने के कारण बेटे के मकान में गई एक महिला के साथ उसकी तलाकशुदा बहू द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बहू ने सास के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मारपीट कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे ससुर के साथ भी कथित तौर पर गाली-गलौज और मारपीट की गई। मामले में पुलिस ने आरोपी बहू के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, भूमिसुता बारिक ने शिकायत में बताया कि वह अपने पति गोसाई बारिक और पुत्र दिवाकर बारिक के साथ रहती है। उसका मिट्टी का मकान है, जिसमें बाथरूम की सुविधा नहीं है। वहीं उसकी तलाकशुदा बहू सुवर्ण बारिक उसके पुत्र द्वारा बनाए गए मकान में रहती है।
शिकायत के मुताबिक, बाथरूम जाने के लिए भूमिसुता अपने बेटे के मकान में गई थी। इसी दौरान सुवर्ण बारिक ने उसके घर में आने पर आपत्ति जताते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि बहू ने जान से मारने की धमकी देते हुए उसके साथ मारपीट की। घटना में महिला के बाएं पैर, घुटने, दाहिने हाथ और पीठ में चोटें आईं।
महिला के पति गोसाई बारिक ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, तो आरोपी बहू द्वारा उनके साथ भी गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने का आरोप है। घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस थाने पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी सुवर्ण बारिक के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 296 और 351(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
