तीरंदाजी में महासमुंद के खिलाड़ियों का परचम, राज्य चैंपियनशिप में जीते चार पदक

कमलेश और पद्मा ने साधा सोना, चांदनी ने दो पदकों पर जमाया निशाना; बागबाहरा के खिलाड़ियों ने बढ़ाया जिले का मान
महासमुंद। छत्तीसगढ़ प्रदेश आर्चरी एसोसिएशन एवं बिलासपुर तीरंदाजी संघ के संयुक्त तत्वावधान में डॉ. सीवी रमन यूनिवर्सिटी, कोटा बिलासपुर में आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय सीनियर तीरंदाजी चैंपियनशिप में महासमुंद जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार पदक अपने नाम किए। जिला तीरंदाजी संघ महासमुंद एवं खेलो इंडिया तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र के खिलाड़ियों ने इंडियन राउंड, रिकर्व राउंड और कंपाउंड राउंड में दमदार प्रदर्शन कर जिले का गौरव बढ़ाया।
प्रतियोगिता के बालक वर्ग के इंडियन राउंड में बागबाहरा के कमलेश साहू ने 338 अंक हासिल कर सर्वाधिक स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता। वहीं बालिका इंडियन राउंड में बागबाहरा की चांदनी साहू, पिता टेकचंद साहू, ने 311 अंक अर्जित कर रजत पदक अपने नाम किया।
इसी तरह कंपाउंड राउंड में बागबाहरा की पद्मा साहू ने 343 अंक हासिल कर शानदार प्रदर्शन किया और स्वर्ण पदक जीता। रिकर्व राउंड में बागबाहरा की ही चांदनी साहू, पिता बलदेव साहू, ने 322 अंक अर्जित कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। इस तरह महासमुंद जिले के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में कुल चार पदक, जिनमें तीन स्वर्ण और एक रजत शामिल है, जीतकर अपनी प्रतिभा का दमदार प्रदर्शन किया।
बिहाझर से राष्ट्रीय स्तर तक लगातार बढ़ रहे कदम
पदक जीतने वाले खिलाड़ियों की सफलता के पीछे बाल आश्रम बिहाझर, बागबाहरा में नियमित प्रशिक्षण और अभ्यास की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। यहां से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे खिलाड़ी लगातार सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेते हुए पदक हासिल कर रहे हैं। कई खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी जिले और प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बाल आश्रम बिहाझर, बागबाहरा से चांदनी साहू, जया साहू, पद्मा साहू, जया पहटिया, वैशाली साहू, त्रिशा प्रजापति, चांदनी साहू, नवलीन कौर, पीरित राम साहू, कमलेश साहू, ओमप्रकाश ध्रुव, अमर सबर, प्रियांशु साहू, गजेंद्र निषाद और टुकेश साहू ने भागीदारी की। वहीं खेलो इंडिया आर्चरी ट्रेनिंग सेंटर, खेल एवं युवा कल्याण महासमुंद से डोमेश्वरी साहू, जयंत ठाकुर और उमेश बरिहा ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। टीम के साथ प्रशिक्षक एवन कुमार साहू एवं ऋषभ तथा मैनेजर डॉ. पूर्णेंद्र चंद्राकर शामिल रहे।
राष्ट्रीय चैंपियनशिप में पदक की उम्मीद
राज्य स्तर पर शानदार प्रदर्शन के बाद अब महासमुंद के इन प्रतिभावान तीरंदाजों से राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। आगामी राष्ट्रीय सीनियर तीरंदाजी चैंपियनशिप शिलांग, मेघालय में आयोजित होना है, जहां जिले के खिलाड़ी अपने प्रदर्शन को और निखारते हुए पदक की दावेदारी पेश करेंगे।
चार पदक जीतने पर भारतीय तीरंदाजी संघ के उपाध्यक्ष कैलाश मुरारका, खेल अधिकारी खेल एवं युवा कल्याण महासमुंद मनोज धृतलहरे, जिला तीरंदाजी संघ अध्यक्ष डॉ. विकास अग्रवाल, सचिव एवं एनआईएस तीरंदाजी प्रशिक्षक एवन कुमार साहू, बाल आश्रम बिहाझर छात्रावास अधीक्षक डॉ. पुनेंद्र चंद्राकर, कोषाध्यक्ष अरविंद छाबड़ा सहित रंजीत छाबड़ा, मुकेश बेगड़, रिंकल बग्गा, सोमनाथ साहू, फूल दास पहाटिया, भोपाल सिंह बंजारा, संजय पैकरा, प्राचार्य एकलव्य महेंद्र टंडन और डॉ. सुनील कुमार भोई ने खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।