आधी रात कोठे से गायब हुईं दो भैंसें, आरोपी के खिलाफ पशु संरक्षण अधिनियम में केस
महासमुंद। तेंदूकोना थाना क्षेत्र के ग्राम साल्हेभांठा में घर के कोठे से दो भैंसों के गायब होने का मामला सामने आया है। पशुपालक की शिकायत पर पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ दोनों भैंसों को बूचड़खाने में बेचने के लिए ले जाने के आरोप में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 और 10 के तहत अपराध दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम साल्हेभांठा निवासी मदन साहू ने 14 अक्टूबर की रात अपनी दो भैंसों को घर के कोठे में बांधकर रखा था। रात करीब एक बजे तक दोनों भैंसें वहीं थीं। इसके बाद रात करीब तीन बजे उनकी पत्नी पुन्नीबाई की नींद खुली तो दोनों भैंसें कोठे से गायब मिलीं। इसके बाद परिवार ने गांव के लोगों के साथ मिलकर उनकी तलाश शुरू की।
इसी दौरान मदन साहू के बेटे त्रिपाल साहू ने बताया कि दोनों भैंसें कलमीदादर बांध के पास सड़क पर दिखाई दे रही हैं। आरोप है कि ग्राम फिरगी निवासी विजय रात्रे दोनों भैंसों को पैदल हांकते हुए बूचड़खाने में बेचने के लिए ले जा रहा था। शिकायत के आधार पर तेंदूकोना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
