स्कूल जा रहे नौवीं के छात्र को रास्ते में रोका, चाकू की नोंक पर 2 सौ लूट
महासमुंद। शिशु संस्कार केंद्र के कक्षा नौवीं के छात्र को दिनदहाड़े चाकू की नोक पर धमकाकर 200 रुपए लूटने का मामला सामने आया है। झालखमरिया से बस से महासमुंद पहुंचे छात्र पुष्कर ध्रुव को स्कूल जाते समय नकुल ढीढी गार्डन के पीछे एक अज्ञात व्यक्ति ने रोक लिया। आरोपी ने चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उसकी जेब से 200 रुपए निकालकर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार पुष्कर ध्रुव बस से उतरने के बाद दोपहर करीब 12 बजे नकुल ढीढी गार्डन के पीछे वाले रास्ते से पैदल स्कूल जा रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि आरोपी ने चाकू दिखाकर छात्र को जान से मारने की धमकी दी और जेब में रखे 200 रुपए छीन लिए।
घटना के बाद छात्र बुरी तरह भयभीत हो गया। स्कूल के अन्य छात्रों के मुताबिक इस रास्ते पर बच्चों को डराने-धमकाने और उनसे रुपए मांगने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। ऐसे में दिनदहाड़े छात्र को चाकू दिखाकर लूटे जाने की घटना ने स्कूल आने-जाने वाले बच्चों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना की लिखित शिकायत पुलिस से की गई है। शिशु संस्कार केंद्र के प्राचार्य एवं प्रबंधन ने पुलिस प्रशासन से नकुल ढीढी गार्डन के पीछे के सुनसान रास्ते सहित आसपास के संवेदनशील इलाकों में स्कूल समय के दौरान पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
