सड़क पार कर रही महिला को बाइक ने मारी टक्कर, चालक पर केस

महासमुंद। ग्राम खरोरा में सड़क पार करने के लिए डिवाइडर के पास खड़ी महिला को बाइक चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में महिला के हाथ और पैर में चोटें आई हैं। मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार खरोरा स्थित सांई मंदिर के सामने दुकान संचालित करने वाली ललिता चंद्राकर 10 अक्टूबर की शाम करीब 7 से 7.30 बजे के बीच दुकान बंद कर पैदल घर जा रही थीं। सांई मंदिर के पास सड़क पार करने के लिए वह डिवाइडर के पास खड़ी थीं। इसी दौरान रायपुर की ओर से आ रही यामाहा मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी-04 क्यूवाय 4781 के चालक उत्तम साहू ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में ललिता के बाएं हाथ और पैर में चोटें आईं। उनके पुत्र ओमप्रकाश चंद्राकर की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ धारा 184 मोटर व्हीकल एक्ट तथा धारा 125(ए) और 281 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।

इन्हें भी पढ़े