मोबाइल नहीं मिला तो पत्नी पर बरसा डंडा और बेल्ट
महासमुंद। सरायपाली थाना क्षेत्र में मोबाइल नहीं मिलने की बात को लेकर पति द्वारा पत्नी से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। महिला ने आरोप लगाया है कि पति ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के बाद डंडे और बेल्ट से उसकी पिटाई की। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार देववंती चौहान ने शिकायत में बताया कि 13 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे उसका पति वीरेंद्र चौहान दो दोस्तों के साथ घर में शराब पी रहा था। बाद में दोनों दोस्त अपने-अपने घर चले गए। पति ने अपना मोबाइल घर की टेबल पर रखा था।
आरोप है कि रात करीब 4 बजे नशा कम होने के बाद वीरेंद्र मोबाइल की तलाश करने लगा। मोबाइल नहीं मिलने पर उसने पत्नी से गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए डंडे व बेल्ट से मारपीट की।
मारपीट में देववंती के सिर, दाएं कान, बाएं हाथ, बाएं पैर, घुटने और पीठ में चोटें आईं। शिकायत के आधार पर सरायपाली पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ धारा 115(2), 296 और 351(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
