फिरंगी की फेयरलेस फाइटर बनी एफबीसीसी कप 2026 की चैंपियन

फाइनल में आदर्श-11 को दी शिकस्त, विजेता को 50 हजार और उपविजेता को 30 हजार रुपए व ट्रॉफी; जिला पंचायत उपाध्यक्ष ने खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला
महासमुंद। खल्लारी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भिलाईदादर, ग्राम पंचायत खैरटखुर्द में चार दिनों से चल रही एफबीसीसी कप 2026 क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन 15 अक्टूबर को उत्साह और खेल भावना के बीच हुआ। फाइनल मुकाबले में फेयरलेस फाइटर फिरंगी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को 50 हजार रुपए की पुरस्कार राशि एवं ट्रॉफी, जबकि उपविजेता आदर्श-11 को 30 हजार रुपए एवं ट्रॉफी प्रदान की गई।
12 से 15 अक्टूबर तक आयोजित प्रतियोगिता के समापन समारोह में जिला पंचायत महासमुंद के उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने फाइनल मुकाबले का आनंद लेने के साथ खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता में विजेता फेयरलेस फाइटर फिरंगी टीम के ऑनर लव कुमार रहे। वहीं, उपविजेता आदर्श-11 टीम के ऑनर पुरुषोत्तम फिरंगी हैं। पुरस्कार वितरण के दौरान खिलाड़ियों और आयोजन समिति में खासा उत्साह नजर आया।
हार से निराश नहीं, अभ्यास और अनुशासन से मिलेगी सफलता
समापन समारोह को संबोधित करते हुए भीखम सिंह ठाकुर ने विजेता टीम को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी। उन्होंने उपविजेता टीम का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल में हार-जीत लगी रहती है, इसलिए हार से निराश होने की जरूरत नहीं है। निरंतर अभ्यास, मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के जरिए सफलता हासिल की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की क्रिकेट प्रतियोगिताएं स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का बेहतर मंच देती हैं। युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ते हुए जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपने गांव, क्षेत्र और महासमुंद जिले का नाम रोशन करना चाहिए।
‘खेलो इंडिया’ जैसी योजनाओं का लाभ उठाने युवाओं से आह्वान
ठाकुर ने कहा कि वर्तमान दौर में खेल युवाओं के लिए प्रतिभा और क्षमता प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। उन्होंने युवाओं से भारत सरकार की ‘खेलो इंडिया’ जैसी योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाने तथा नियमित अभ्यास के जरिए खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
उन्होंने एफबीसीसी कप 2026 के सफल आयोजन के लिए आयोजक रिहान मेहरा, केजू मेहरा सहित पूरी आयोजन समिति को बधाई दी।
समापन अवसर पर ग्राम पंचायत खैरटखुर्द के सरपंच टिकेलाल चक्रधारी, देशबंधु समाचार पत्र के वरिष्ठ पत्रकार ललित सोनी, भाजपा किसान मोर्चा जिला महासमुंद के मीडिया प्रभारी हीरा साहू सहित आयोजन समिति के सदस्य, खेलप्रेमी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।

इन्हें भी पढ़े