12.67 करोड़ से बदलेगी की जल निकासी व्यवस्था
खरोरा में 4 करोड़ की लागत से पहले सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का काम शुरू, बंधवा तालाब और परसकोल रोड में भी बनेंगे एसटीपी
महासमुंद। शहर के गंदे पानी के वैज्ञानिक प्रबंधन और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महासमुंद नगर पालिका ने बड़ा कदम बढ़ाया है। नगर सीमा में कुल 12 करोड़ 67 लाख रुपए की लागत से तीन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) स्थापित किए जाएंगे। इसी महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत शुक्रवार को खरोरा में करीब 4 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले पहले एसटीपी के निर्माण कार्य का शुभारंभ विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा और नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने किया।
नगर में प्रस्तावित तीनों एसटीपी का निर्माण खरोरा, बंधवा तालाब और परसकोल रोड स्थित शासकीय भूमि पर किया जाना है। प्रथम चरण में खरोरा में निर्माण शुरू किया गया है। परियोजना पूरी होने के बाद शहर से निकलने वाले गंदे पानी का वैज्ञानिक पद्धति से उपचार किया जा सकेगा। उपचारित पानी का उपयोग निस्तारी एवं अन्य उपयोगी कार्यों में किए जाने की योजना है। इससे एक ओर शहर की स्वच्छता व्यवस्था बेहतर होगी, वहीं दूसरी ओर जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
ड्रेनेज सिस्टम होगा मजबूत, जलभराव की समस्या में भी मिलेगी राहत
एसटीपी परियोजना से शहर के ड्रेनेज सिस्टम को व्यवस्थित करने में मदद मिलने की उम्मीद है। वर्तमान में विभिन्न नालियों और नालों के माध्यम से निकलने वाले अपशिष्ट जल के वैज्ञानिक उपचार की व्यवस्था विकसित होने से शहर में स्वच्छता का स्तर बेहतर होगा। साथ ही जल के पुनः उपयोग की संभावनाएं बढ़ेंगी। तीनों प्लांट अस्तित्व में आने के बाद नगर की अपशिष्ट जल प्रबंधन व्यवस्था को एक समग्र स्वरूप मिल सकेगा।
परिषद के प्रयासों से मिली बड़ी सौगात
नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू के सतत प्रयासों और परिषद सदस्यों के सहयोग से इस परियोजना को मूर्त रूप दिया जा रहा है। शुभारंभ अवसर पर विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि यह परियोजना महासमुंद के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। शासन की मंशा के अनुरूप शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए इस तरह के कार्य बेहद जरूरी हैं।
नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने कहा कि परिषद का संकल्प महासमुंद को स्वच्छ और स्वस्थ नगर बनाना है। खरोरा से इस दिशा में पहला कदम बढ़ाया गया है। आने वाले समय में बंधवा तालाब और परसकोल रोड में भी एसटीपी का निर्माण किया जाएगा। इससे पूरे शहर की ड्रेनेज व्यवस्था में सुधार आएगा। उन्होंने कहा कि यह केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और बेहतर पर्यावरण की नींव है।
कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, सभापति जितेंद्र ध्रुव, ज्योति रिंकू चंद्राकर, पार्षद नीरज चंद्राकर, मनीष शर्मा, धनेन्द्र चंद्राकर, धनेश्वरी सोनवानी, पीयूष साहू, मुन्ना देवार, सांसद प्रतिनिधि महेंद्र जैन, एल्डरमैन हनीश बग्गा, जनपद उपाध्यक्ष हुलसी चंद्राकर, सरपंच वीणा चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।
