युवा प्रतिभाओं को मिलेगा ‘युवा रत्न’ सम्मान, 30 अक्टूबर तक करें आवेदन

खेल, शिक्षा, समाजसेवा, साहित्य समेत 14 क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान करने वाले युवाओं और संगठनों का होगा सम्मान
महासमुंद। छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने युवाओं के विभिन्न क्षेत्रों में किए गए उल्लेखनीय कार्य, सेवाओं और अभिनव प्रयासों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ‘छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान योजना’ शुरू की है। योजना के तहत प्रदेश के युवाओं और स्वैच्छिक संगठनों के उत्कृष्ट योगदान को सम्मानित करने के साथ राष्ट्रीय स्तर पर कीर्तिमान स्थापित करने की दिशा में प्रयास किया जाएगा। इसके लिए इच्छुक व्यक्तियों और संगठनों से 30 अक्टूबर 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
योजना के अंतर्गत असाधारण एवं विशिष्ट सेवा कार्य के लिए एक युवा तथा एक स्वैच्छिक संगठन का चयन किया जाएगा। चयनित युवा को 2.50 लाख रुपए तथा स्वैच्छिक संगठन को 5 लाख रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
इसके अलावा सामाजिक सेवा, साहित्य, उद्योग एवं व्यापार, शिक्षा, खेल, पर्यावरण संरक्षण, महिला एवं बाल विकास, संचार माध्यम, स्वास्थ्य सेवा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, दिव्यांगजन, कला एवं संगीत तथा लोककला के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले एक-एक युवा का चयन किया जाएगा। प्रत्येक चयनित युवा को एक लाख रुपए की नकद राशि, सम्मान पत्र, पदक और शॉल प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। महिला एवं बाल विकास श्रेणी में केवल महिलाओं को पात्र माना गया है।
15 से 29 वर्ष तक के युवा पात्र
योजना के लिए आवेदक का छत्तीसगढ़ का मूल निवासी होना अनिवार्य है। आयु की गणना के अनुसार आवेदक की आयु 1 अप्रैल 2026 को न्यूनतम 15 वर्ष तथा 31 मार्च 2027 तक अधिकतम 29 वर्ष होनी चाहिए।
इच्छुक युवा एवं संगठन अपना आवेदन जिला खेल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण, महासमुंद के कार्यालय में 30 अक्टूबर 2026 तक जमा कर सकते हैं। योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं अन्य जानकारी के लिए जिला खेल अधिकारी कार्यालय के मोबाइल नंबर 70893-01084 एवं 88890-33244 पर संपर्क किया जा सकता है।
इसके अलावा खेल एवं युवा कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ रायपुर की वेबसाइट पर योजना की मार्गदर्शिका तथा व्यक्तिगत एवं संगठन के लिए आवेदन प्रपत्र उपलब्ध हैं।

इन्हें भी पढ़े