तालाब किनारे सजा था जुए का फड़, पुलिस ने मारी दबिश; 7 जुआरी धराए
17,400 रुपए नकद समेत 3.32 लाख का माल जब्त, स्कूटी-बाइक से लेकर स्विफ्ट कार और मोबाइल भी मिले; पुलिस को देख कई जुआरी भागे
महासमुंद। तुमगांव थाना क्षेत्र के ग्राम अमावश-बेलटुकरी के बीच तालाब किनारे खुले स्थान पर बेखौफ चल रहे जुए के फड़ पर पुलिस ने दबिश देकर सात जुआरियों को रंगे हाथों पकड़ लिया। पुलिस की घेराबंदी होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ जुआरी भाग निकले। पुलिस ने मौके से 17,400 रुपए नकद और 52 पत्ती ताश के अलावा एक स्कूटी, चार मोटरसाइकिल, एक स्विफ्ट कार और पांच मोबाइल जब्त किए। जब्त सामान की कुल कीमत 3 लाख 32 हजार 400 रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, तुमगांव पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अमावश-बेलटुकरी के बीच तालाब किनारे खुले स्थान पर बड़ी संख्या में लोग जुटकर ‘काटपत्ती’ जुआ खेल रहे हैं। जुआरी रुपए-पैसों का दांव लगाकर हार-जीत का खेल चला रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके की घेराबंदी की और अचानक दबिश दी। पुलिस को देखते ही जुआरियों में भगदड़ मच गई। सात आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गए, जबकि कुछ मौके से भागने में सफल रहे।
पुलिस ने रवीन्द्र खुंटे (30), लोमश साहू (28), संत कुमार बंजारे (38), भीष्मदेव खुंटे (26), जितेश बंजारे (18), नेहरू साहू (35) और पवन साहू (30) को गिरफ्तार किया है। सभी तुमगांव एवं महासमुंद क्षेत्र के निवासी हैं।
वाहनों से लेकर मोबाइल तक जब्त
कार्रवाई में पुलिस ने 17,400 रुपए नकद और 52 पत्ती ताश के साथ करीब 35 हजार रुपए की स्कूटी एक्सेस, करीब 45 हजार रुपए कीमत की चार मोटरसाइकिल, करीब 2 लाख रुपए की स्विफ्ट कार तथा करीब 35 हजार रुपए के पांच मोबाइल जब्त किए हैं। इस तरह कुल 3.32 लाख रुपए का मशरूका पुलिस के कब्जे में आया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) और धारा 112 बीएनएस के तहत कार्रवाई की है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं, कार्रवाई की भनक लगते ही मौके से फरार हुए जुआरियों की पुलिस तलाश कर रही है।
