हाईवा ने बाइक को मारी सीधी टक्कर, युवक की मौके पर मौत, साथी गंभीर

महासमुंद। तुमगांव थाना क्षेत्र के अमावस मोड़ तुमगांव तिराहे के पास हुए सड़क हादसे में हाईवा की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल महासमुंद रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार 12 अक्टूबर को गणेश जेंड्रे अपने दोस्त पप्पू जेंड्रे (32) के साथ पल्सर बाइक क्रमांक सीजी 04 पीवी 1632 से अमावस से तुमगांव गया था। शाम करीब 5 बजे दोनों तुमगांव से वापस अमावस लौट रहे थे। इसी दौरान एनएच-53 स्थित अमावस मोड़ तुमगांव तिराहे पर सड़क पार करते समय सामने से आ रहे हाईवा क्रमांक सीजी 13 एई 2172 ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गणेश जेंड्रे के सिर और चेहरे में गंभीर चोट आई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं पप्पू जेंड्रे के सिर में चोटें आईं। उसे सीएचसी तुमगांव ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया।
मृतक के चाचा भगवानी जेंड्रे की रिपोर्ट पर पुलिस ने हाईवा चालक के खिलाफ धारा 184 मोटर व्हीकल एक्ट तथा धारा 106(1), 125(ए), 281 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है।

इन्हें भी पढ़े