कत्लखाने ले जाए जा रहे 12 मवेशी छुड़ाए, एक तस्कर गिरफ्तार

महासमुंद। सांकरा पुलिस ने मवेशियों को कथित रूप से कत्लखाने ले जाने के मामले में कार्रवाई करते हुए 12 मवेशियों को बरामद किया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि उसका साथी मौके से भाग निकला। बरामद मवेशियों में 3 गाय, 6 बैल और 3 बछड़े शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार 13 अक्टूबर को हिमांशु प्रधान को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति गाय-बैलों को हांकते और मारते-पीटते हुए झगरेनडीह से सांकरा के रास्ते ओडिशा की ओर ले जा रहे हैं। सूचना के बाद वह अपने साथियों डिगेश यादव और मोहित साहू के साथ संत अन्ना चौक के पास पहुंचा।
कुछ देर बाद दो व्यक्ति मवेशियों को हांकते हुए आते दिखाई दिए। लोगों को देखकर एक आरोपी मौके से भाग गया, जबकि दूसरे को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम छुवालीपतेरा निवासी सुरेंद्र साहू (50) बताया तथा फरार साथी का नाम ऋषि चौहान बताया।
मामले में आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।

इन्हें भी पढ़े