बाड़ी से टुल्लू पंप चोरी, बाइक से ले जाते दिखे आरोपी; दो गिरफ्तार
महासमुंद। पिथौरा पुलिस ने बाड़ी से टुल्लू मोटर पंप चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद किया है। पूछताछ में आरोपियों ने एक अन्य युवक के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से चोरी करना स्वीकार किया है। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार भिथीडीह निवासी परशुराम कन्नौजे 12 अक्टूबर की शाम करीब 5 बजे घरेलू सामान खरीदने पिथौरा बाजार गया था। करीब 7:30 बजे घर लौटने पर उसने बाड़ी में लगे टुल्लू मोटर पंप का पाइप कटा हुआ पाया। इसी दौरान कुछ देर बाद उसने सामने से एक मोटरसाइकिल पर अजुर्नी निवासी यशवंत यादव और डायमंड बरिहा को टुल्लू पंप ले जाते देखा।
रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 3(5), 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने जीवन यादव के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी का टुल्लू पंप बरामद कर लिया है। मामले में फरार आरोपी जीवन यादव की तलाश जारी है।
