जंगल किनारे शराब का जखीरा, एक गिरफ्तार; दूसरा आरोपी फरार
महासमुंद। सरायपाली पुलिस ने ग्राम झालपाली के नाला जाम पेड़ के पास कार्रवाई करते हुए बिक्री के लिए रखी 40 लीटर महुआ शराब जब्त की है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार 12 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति झालपाली नाला जाम पेड़ के नीचे महुआ शराब बिक्री के लिए रखे हुए हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही एक व्यक्ति भाग निकला, जबकि मौके से पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम माधोपाली निवासी सावन सिदार (34) बताया। पूछताछ में उसने फरार साथी का नाम झालपाली निवासी विनोद रात्रे (33) बताया।
पुलिस ने मौके से करीब 40 लीटर महुआ शराब, जिसकी कीमत 8 हजार रुपए बताई गई है, बरामद की। मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
