आशियाना वृद्धाश्रम में 3 लाख से पेवर ब्लॉक निर्माण शुरू
बरसात में कीचड़ और आवागमन की समस्या से मिलेगी राहत, पालिकाध्यक्ष बोले- बुजुर्गों की सुविधा पहली प्राथमिकता
महासमुंद। नगर के वार्ड क्रमांक 11 स्थित दलदली रोड के आशियाना वृद्धाश्रम परिसर में अब बरसात के दिनों में कीचड़ और आवागमन की परेशानी नहीं होगी। नगर पालिका द्वारा यहां 3 लाख रुपए की लागत से पेवर ब्लॉक निर्माण कार्य कराया जा रहा है। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने वार्ड पार्षद श्रीमती ओमीन टोमन कागजी के साथ बुधवार को निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।
यह कार्य पालिकाध्यक्ष साहू द्वारा पूर्व में की गई घोषणा के अनुरूप शुरू किया गया है। वृद्धाश्रम परिसर में बारिश के दौरान जलभराव और कीचड़ के कारण बुजुर्गों सहित कर्मचारियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता था। पेवर ब्लॉक लगने के बाद परिसर में आवागमन सुगम होने के साथ ही परिसर अधिक स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित होगा।
भूमिपूजन के अवसर पर पालिकाध्यक्ष निखिलकांत साहू ने कहा कि बुजुर्गों की सुरक्षा और सुविधा नगर पालिका की प्राथमिकता है। आशियाना वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्ग हमारे परिवार के सदस्यों के समान हैं। उन्हें बेहतर और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना हमारा दायित्व है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। ऐसे स्थानों को प्राथमिकता दी जा रही है, जहां किए गए कार्यों का सीधा लाभ आम लोगों को मिलता है। आने वाले समय में वृद्धाश्रम परिसर में अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी विस्तार किया जाएगा।
वार्ड पार्षद श्रीमती ओमीन टोमन कागजी ने कहा कि पालिकाध्यक्ष के सहयोग से वार्ड में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं। वृद्धाश्रम परिसर में पेवर ब्लॉक निर्माण से यहां रहने वाले बुजुर्गों को विशेष सुविधा मिलेगी। आशियाना वृद्धाश्रम के कर्मचारियों ने भी इस कार्य के लिए नगर पालिका अध्यक्ष का आभार जताया।
कार्यक्रम में सभापति जितेंद्र देवनारायण ध्रुव, ज्योति रिंकू चंद्राकर, पार्षद सीता टोंडेकर, नीरज चंद्राकर, कल्पना सूर्यवंशी, एल्डरमैन लाल विजय सिंहदेव, मधु यदु, मैना कोसले सहित आशियाना वृद्धाश्रम की प्रबंधक रुचि ठाकुर, सभीया ठंडी, अंजली साहू, श्रेया ठाकुर, शांति पटवा, देवंतीन बाई, अनीता साहू, लच्छनी बाई, तेजा बाई, रामबती, धनुष कुमार, रामलाल, फूलबाई, रेवती बाई सहित अन्य उपस्थित रहे।
