पोषण और स्वच्छता का संदेश लेकर पहुंचा आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम
महिलाओं, बच्चों और गर्भवती माताओं को संतुलित आहार की दी जानकारी, खेलकूद में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
महासमुंद। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नांदगांव के आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-01 में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं, बच्चों और गर्भवती माताओं को संतुलित भोजन एवं पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी देते हुए बच्चों को कुपोषण से बचाने के उपाय बताए गए। ग्रामीणों को पोषण के साथ स्वच्छता और बेहतर स्वास्थ्य को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में बच्चों के भोजन से पहले और बाद में हाथ धोने, स्वच्छ पेयजल का उपयोग करने, भोजन को ढंककर रखने तथा बच्चों का नियमित वजन कराने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने कुपोषण के प्रारंभिक लक्षणों की पहचान और समय पर उपचार के महत्व की जानकारी दी। साथ ही किसी भी तरह की स्वास्थ्य संबंधी समस्या या कुपोषण के लक्षण दिखाई देने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन अथवा स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के लिए विभिन्न खेलकूद गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। इसमें महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बच्चों में पोषण, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम में जनपद सदस्य श्रीमती विजय लक्ष्मी जांगड़े, प्रधानपाठक शीला चंद्राकर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पूर्णिमा पटेल, दमयंती शर्मा, सहायिकाएं गीतू, चित्ररेखा धीवर, जमुना पटेल, चमेली पटेल, रोशनी पटेल, तरुणा पटेल और लीला पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं।
