विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए 12 एवं 13 अक्टूबर को आयोजित होंगे चिन्हांकन एवं आंकलन शिविर
गरियाबंद, छुरा एवं फिंगेश्वर के बच्चों का जिला चिकित्सालय में होगा आंकलन, मैनपुर एवं देवभोग के लिए अमलीपदर में लगेगा शिविर
गरियाबंद, 10 अक्टूबर 2026/ समग्र शिक्षा के समावेशी शिक्षा अंतर्गत विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिले में चिन्हांकन एवं चिकित्सकीय आंकलन शिविरों का आयोजन किया जाएगा। प्रारंभिक एवं माध्यमिक स्तर के साथ पीएमश्री विद्यालयों में अध्ययनरत विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए आयोजित इन शिविरों में दिव्यांगता का चिकित्सकीय आंकलन, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, विशिष्ट दिव्यांगता पहचान पत्र (यूडीआईडी कार्ड), सहायक उपकरण तथा अन्य आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की पहल की जा रही है। जिला स्तर पर शिविरों का आयोजन दो चरणों में किया जाएगा। प्रथम चरण में 12 अक्टूबर 2026 को गरियाबंद, छुरा एवं फिंगेश्वर विकासखंड के बच्चों के लिए जिला चिकित्सालय गरियाबंद में शिविर आयोजित होगा। वहीं, द्वितीय चरण में 13 अक्टूबर 2026 को मैनपुर एवं देवभोग विकासखंड के बच्चों के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमलीपदर में शिविर लगाया जाएगा।
शिविरों का आयोजन समग्र शिक्षा के समावेशी शिक्षा कार्यक्रम के तहत एलिम्को, स्वास्थ्य विभाग एवं समाज कल्याण विभाग के समन्वय से किया जा रहा है। शिविरों के माध्यम से विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की आवश्यकताओं का आकलन कर उन्हें उपयुक्त सहायता एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा। शिविर के सुचारू संचालन तथा बच्चों का चिकित्सकीय आंकलन सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित तिथियों में आवश्यक चिकित्सकीय व्यवस्था उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इन शिविरों से विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को उनकी जरूरत के अनुसार दिव्यांगता संबंधी दस्तावेज, सहायक उपकरण एवं अन्य आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।
