ओडिशा से महाराष्ट्र जा रही 560 किलो गांजे की खेप पकड़ी, दो तस्कर गिरफ्तार

रेहटीखोल चेकपोस्ट पर महासमुंद पुलिस की नाकेबंदी में बड़ी कार्रवाई; कैरेट के नीचे 16 बोरियों में छिपाकर ले जा रहे थे गांजा, वाहन-मोबाइल समेत 2.95 करोड़ की संपत्ति जब्त
महासमुंद। ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 560 किलो गांजा जब्त किया है। पुलिस ने गांजे की इस खेप के साथ महाराष्ट्र के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 2 करोड़ 80 लाख रुपए बताई गई है। तस्करी में इस्तेमाल आयशर माजदा वाहन और दो मोबाइल समेत कुल 2 करोड़ 95 लाख 8 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की गई है।
कार्रवाई एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने की। पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि आयशर माजदा प्रो 3015 क्रमांक MH 18 BG 7546 में गांजे की बड़ी खेप ओडिशा से छत्तीसगढ़ के रास्ते महाराष्ट्र ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने NH-53 स्थित रेहटीखोल के पास नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी।
कुछ देर बाद मुखबिर के बताए हुलिए और नंबर वाला आयशर माजदा वाहन वहां पहुंचा। पुलिस ने वाहन को रोककर तलाशी ली। वाहन में दो व्यक्ति सवार थे। पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान अजय रविन्द्र पवार (30), निवासी सोनबरक्षी, थाना एरंडोल, जिला जलगांव, महाराष्ट्र और स्वराज महाजन (25), निवासी कसोदा आडगांव, थाना कासोदा, जिला जलगांव, महाराष्ट्र के रूप में बताई।
पूछताछ में खुला तस्करी का राज
पुलिस के मुताबिक शुरुआती पूछताछ में दोनों आरोपी गोलमोल जवाब देते रहे। सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने वाहन के डाले में कैरेट के नीचे बोरियों में गांजा छिपाकर रखने की बात स्वीकार की। तलाशी लेने पर कैरेट के नीचे 16 बोरियां मिलीं। प्रत्येक बोरी में करीब 35-35 किलो गांजा भरा था। तौल करने पर कुल मात्रा 560 किलो निकली।
पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा के बरहमपुर से लोड कर महाराष्ट्र के जलगांव ले जाना बताया। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, गांजे के स्रोत और इसके गंतव्य की भी जांच कर रही है।
2.95 करोड़ की संपत्ति जब्त
सिंघोड़ा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 120/2026 के तहत धारा 20(बी)(II)(सी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। कार्रवाई में पुलिस ने 560 किलो गांजा, करीब 15 लाख रुपए कीमत का आयशर माजदा वाहन और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए सोर्स प्वाइंट से डेस्टिनेशन प्वाइंट तक निगरानी और वित्तीय जांच के साथ लगातार कार्रवाई की जा रही है। रेहटीखोल में हुई यह कार्रवाई इसी अभियान का हिस्सा है।

इन्हें भी पढ़े