गरियाबंद में पंचायत उपचुनाव की तैयारी तेज, 1 सरपंच और 21 पंच पदों पर होगा उपचुनाव

राज्य निर्वाचन आयोग ने फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली तैयार करने का कार्यक्रम जारी किया
23 अक्टूबर को मतदाता सूची का प्रारंभिक एवं 30 नवंबर को अंतिम प्रकाशन
गरियाबंद 05 अक्टूबर 2026/ छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पंचायत उपचुनाव 2026 के लिए फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली तैयार करने का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। आयोग के निर्देश के बाद गरियाबंद जिले में भी पंचायत उपचुनाव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। अगस्त 2026 की स्थिति में जिले में कुल 22 पंचायत पद रिक्त हैं, जिनमें 1 सरपंच और 21 पंच पद शामिल हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायत उपचुनाव 2026 के लिए फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली तैयार करने का कार्यक्रम निर्धारित किया है। इसी तारतम्य में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर रणबीर शर्मा ने संबंधित क्षेत्र के लिए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) गरियाबंद, छुरा, राजिम, मैनपुर, देवभोग को रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा तहसीलदार गरियाबंद, छुरा, फिंगेश्वर, मैनपुर एवं देवभोग को सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नियुक्त किया है। अपील प्राधिकारी के रूप में अपर कलेक्टर, गरियाबंद को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
23 अक्टूबर से मतदाता सूची का प्रकाशन, 30 नवंबर को अंतिम प्रकाशन –
उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती ऋषा ठाकुर ने बताया कि निर्वाचक नामावली तैयार करने के लिए प्रथम चरण की प्रक्रिया 5 अक्टूबर 2026 से शुरू हो गई है। इसके बाद 6 अक्टूबर तक विधानसभा की अद्यतन निर्वाचक नामावली जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त कर संबंधित रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को उपलब्ध कराने, 9 अक्टूबर तक दावे एवं आपत्तियों के आधार पर निर्वाचक नामावली का वॉर्डवार एवं भागवार वर्गीकरण तथा 12 अक्टूबर तक वॉर्डवार एवं भागवार निर्वाचकों की सूची तैयार करने का कार्यक्रम है। निर्वाचक नामावली का चेकलिस्ट 13 अक्टूबर तक तैयार किया जाएगा। इसके बाद 14 अक्टूबर को चेकलिस्ट की जांच एवं त्रुटि सुधार किया जाएगा। संशोधन के बाद प्रारूप निर्वाचक नामावली मुद्रण के लिए 16 अक्टूबर तक जिला निर्वाचन कार्यालय को भेजी जाएगी तथा 21 अक्टूबर तक प्रारूप निर्वाचक नामावली का मुद्रण कर रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को उपलब्ध कराया जाएगा। कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचक नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन 23 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। इसके साथ ही दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू होगी। दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर 2026 को दोपहर 3 बजे तक निर्धारित है। प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निराकरण 3 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद निराकरण आदेश पारित होने के पांच दिवस के भीतर अपील की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। परिवर्धन, संशोधन एवं विलोपन के प्रकरणों की प्रविष्टि सॉफ्टवेयर में 19 नवंबर तक करने तथा कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा जांच के बाद पीडीएफ मुद्रण हेतु सूची कार्यालय को 23 नवंबर तक भेजी जाएगी। अनुपूरक सूची का मुद्रण 27 नवंबर तक किया जाएगा और अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 30 नवंबर 2026 को किया जाएगा।

इन्हें भी पढ़े