नए मतदाताओं के पंजीयन हेतु 31 अक्टूबर तक चलेगा विशेष अभियान

गरियाबंद, 05 अक्टूबर 2026/भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में, राज्य में छूटे हुए एवं नए पात्र युवा मतदाताओं के पंजीकरण हेतु एक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ऐसे युवा एवं पहली बार पात्र बने मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया को सुगम बनाना है, जिनके नाम अब तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं अथवा विशेष गहन पुनरीक्षण 2025-26 के दौरान मतदाता सूची से किसी कारण विलोपित हो गए थे। यह कार्य बीएलओ द्वारा घर-घर भ्रमण कर मतदाता सूची के निरंतर अद्यतनीकरण की प्रक्रिया के अंतर्गत 5 अक्टूबर 2026 से 31 अक्तूबर 2026 तक किया जाएगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती ऋषा ठाकुर ने बताया कि नागरिकों की सक्रिय सहभागिता और सहयोग से यह सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे तथा सभी पात्र नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। समस्त पात्र नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और मतदाता सूची में अपना विधिवत पंजीकरण करें। मतदाता सूची में अपना पंजीकरण करने के लिए इसीआईनेट मोबाइल एप्प या वेबसाइट वोटर्स डॉट ईसीआई डॉट जीओवी डॉट इन के माध्यम से फॉर्म 6 में ऑनलाईन आवेदन भी किया जा सकता है। वर्तमान में फॉर्म 6 के साथ घोषणा पत्र की आवश्यकता नहीं हैं।

इन्हें भी पढ़े