सेवा संकल्प अभियान : बेलटुकरी में आंगन मिलन उत्सव का आयोजन
न्योता भोज, मुनगा पौधरोपण और स्थानीय व्यंजनों की प्रदर्शनी के साथ विभिन्न हितग्राही हुए सम्मानित
बिलासपुर, 28 सितंबर 2026/सेवा संकल्प अभियान के तहत आज परियोजना कार्यालय मस्तूरी के आंगनबाड़ी केंद्र बेलटुकरी क्रमांक-2 में ’’आंगन मिलन उत्सव’’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं पूर्व विधायक डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी विशेष रूप से मौजूद थे। इसके अलावा चंद्रप्रकाश सूर्या सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
आंगनबाड़ी केंद्र में ’’न्योता भोज’’ का आयोजन किया गया, जिसमें अतिथियों द्वारा बच्चों को भोजन कराया गया। इस अवसर पर ’’‘हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा’’’ का संदेश देते हुए डॉ. बांधी ने ’’‘एक आंगनबाड़ी-एक मुनगा पेड़’’’ थीम के तहत आंगनबाड़ी केंद्र परिसर में मुनगा पौधे का रोपण किया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा स्थानीय व्यंजनों एवं विभिन्न भाजियों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। मुख्य अतिथि ने प्रदर्शनी का उद्घाटन एवं अवलोकन किया तथा स्थानीय पोषण आधारित खाद्य पदार्थों को दैनिक आहार में शामिल करने के महत्व पर जानकारी ली।
कार्यक्रम की शुरुआत माता सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुई। अतिथियों का पुष्पगुच्छ के साथ स्वागत किया गया तथा ’’‘हर घर मुनगा-घर घर मुनगा’’’ थीम के तहत उन्हें मुनगा का पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि द्वारा आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों के लिए खिलौने भी प्रदान किए गए। अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले ’’5 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, 5 आंगनबाड़ी सहायिकाओं एवं 4 मितानिनों’’ तथा अन्य हितग्राहियों को प्रमाण पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही ’’महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं स्वस्थ बालक/बालिका स्पर्धा’’ के हितग्राहियों को भी सम्मानित किया गया। डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ’’सेवा संकल्प अभियान एवं पोषण माह’’ के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों, महिलाओं एवं परिवारों तक पोषण और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी सूर्यकांत गुप्ता, परियोजना अधिकारी मिलिन्द द्विवेदी, सीपत परियोजना अधिकारी श्रीमती स्मिता शुक्ला सहित विभाग के पर्यवेक्षक एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित थे।
