अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर जिले में होंगे विविध कार्यक्रम

स्वास्थ्य परीक्षण के साथ सांस्कृतिक एवं जागरूकता कार्यक्रमों का होगा आयोजन
बिलासपुर, 28 सितंबर 2026/अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर 1 अक्टूबर 2026 को बिलासपुर में वरिष्ठजनों के सम्मान, स्वास्थ्य एवं कल्याण को लेकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम का आयोजन पं. देवकीनंदन दीक्षित सभागृह, लाल बहादुर शास्त्री परिसर, बिलासपुर में किया जाएगा।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह से वरिष्ठजनों के पंजीयन एवं स्वास्थ्य परीक्षण के साथ होगी। इस दौरान शासकीय कलाकारों एवं वरिष्ठजनों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। साथ ही माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम 2007, वरिष्ठ नागरिकों का वित्तीय प्रबंधन, स्वस्थ तन-स्वस्थ मन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी जाएगी। वरिष्ठजनों को साइबर क्राइम से बचाव के संबंध में भी विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान दिया जाएगा। इसके अलावा ऑक्यूपेशनल एवं फिजियोथेरेपी से जुड़े विशेषज्ञों के माध्यम से वरिष्ठजनों को आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम दोपहर 1 बजे से जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित होगा।
वरिष्ठजनों के लिए 30 सितंबर को खेल प्रतियोगिताएं –
वरिष्ठ नागरिकों के लिए अनुकूल खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन 30 सितंबर 2026 को सुबह 11 बजे से अनुभव भवन, बृहस्पति बाजार, बिलासपुर में किया जाएगा। प्रतियोगिताओं में वरिष्ठजनों के लिए कुर्सी दौड़, मटका फोड़, बकेट बॉल, पासिंग बॉल सहित विभिन्न खेल शामिल होंगे।

इन्हें भी पढ़े