नवाचार से उद्यमिता की ओर बढ़े कदम, विद्यार्थियों को मिला स्टार्टअप का मार्गदर्शन
सेवा संकल्प अभियान के तहत पॉलीटेक्निक में स्टार्टअप एवं उद्यमिता जागरूकता शिविर आयोजित
बीजापुर 28 सितंबर 2026/सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों में नवाचार, स्टार्टअप एवं उद्यमिता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, बीजापुर द्वारा शासकीय पॉलीटेक्निक एवं शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), बीजापुर के सहयोग से शासकीय पॉलीटेक्निक परिसर में स्टार्टअप एवं उद्यमिता जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में विद्यार्थियों को स्टार्टअप, नवाचार, उद्यमिता एवं स्वरोजगार के विभिन्न अवसरों की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों एवं विभागीय अधिकारियों ने विद्यार्थियों को अपने नवीन विचारों को व्यवसायिक स्वरूप देने, स्वरोजगार की संभावनाओं को समझने तथा उपलब्ध शासकीय योजनाओं एवं उद्यमिता संबंधी सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय इनोवेशन चौलेंज में विद्यार्थियों की भागीदारी को लेकर आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर की समस्याओं को पहचानकर उनके समाधान के लिए नवीन एवं रचनात्मक विचार विकसित करने तथा उन्हें नवाचार के माध्यम से उपयोगी उत्पाद एवं सेवाओं में परिवर्तित करने के लिए प्रेरित किया गया।
शिविर में विद्यार्थियों ने स्टार्टअप एवं उद्यमिता से जुड़े विभिन्न विषयों को समझा और अपने विचारों को आगे बढ़ाने के लिए मार्गदर्शन प्राप्त किया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में नौकरी तलाशने के साथ-साथ रोजगार सृजन की सोच विकसित करना तथा उन्हें नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए मंच उपलब्ध कराना रहा।
इस अवसर पर शासकीय पॉलीटेक्निक बीजापुर एवं शासकीय आईटीआई बीजापुर के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
