जरूरतमंद बच्चों को न्यायाधीशों ने भेंट किए स्कूली बैग

कमारपारा के बच्चों के चेहरों पर खिली खुशी, शिक्षा के प्रति बढ़ेगा उत्साह
महासमुंद। ग्राम सिरपुर के कमारपारा में आयोजित विधिक जागरूकता कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंद स्कूली बच्चों को महासमुंद न्यायालय के न्यायाधीशों की ओर से स्कूली बैग वितरित किए गए। न्यायाधीशों ने बच्चों के लिए अपने खर्च से बैग उपलब्ध कराए, जिन्हें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती आफरीन बानो ने बच्चों को वितरित किया। नए बैग पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
दरअसल, ग्राम सिरपुर में 25 अगस्त 2026 से मेगा ड्राइव फेस-वन के तहत विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं अभियान की नोडल अधिकारी आफरीन बानो के निर्देशन में अभियान की सतत निगरानी की जा रही है। इसके लिए दो अधिकार मित्र भी नियुक्त किए गए हैं, जो गांव में डोर-टू-डोर पहुंचकर लोगों को विधिक अधिकारों और विभिन्न योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं।
अधिकार मित्रों द्वारा बैनर-पंपलेट के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक करने के साथ उनकी समस्याओं से संबंधित आवेदन भी तैयार कर प्राधिकरण के माध्यम से संबंधित विभागों को भेजे जा रहे हैं। इसी दौरान कमारपारा में भ्रमण के दौरान अधिकार मित्रों ने वहां रहने वाले स्कूली बच्चों की जरूरतों की जानकारी प्राधिकरण को दी।
बच्चों की स्थिति से अवगत होने पर महासमुंद न्यायालय के न्यायाधीशों ने पहल करते हुए अपने खर्च से स्कूली बैग खरीदकर बच्चों को उपलब्ध कराने की व्यवस्था की। बैग मिलने पर बच्चों में खासा उत्साह नजर आया।
इस अवसर पर कहा गया कि शिक्षा समाज की सबसे बड़ी ताकत है। जरूरतमंद बच्चों को इस तरह का सहयोग मिलने से उनका हौसला बढ़ता है और पढ़ाई के प्रति रुचि भी मजबूत होती है। अब कमारपारा के बच्चे अपने नए बैग में किताबें, कॉपियां, पेंसिल और अन्य शैक्षणिक सामग्री सुरक्षित रखकर खुशी-खुशी स्कूल जा सकेंगे।

इन्हें भी पढ़े