विश्वकर्मा जयंती पर विधायक सिन्हा ने की पूजा-अर्चना
मेशन मजदूर संघ के आयोजन में हुए शामिल, श्रमिकों और कारीगरों के योगदान को बताया विकास की आधारशिला
महासमुंद। शुक्रवार को महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा स्थानीय अपना मार्केट पहुंचे, जहां मेशन मजदूर संघ की ओर से आयोजित भगवान विश्वकर्मा जयंती समारोह में शामिल हुए। विधायक सिन्हा ने विधि-विधानपूर्वक भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं और भाजपा नेताओं ने भी भगवान विश्वकर्मा की पूजा कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
इस अवसर पर विधायक सिन्हा ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा को सृष्टि के महान शिल्पकार और निर्माण कला के देवता के रूप में पूजा जाता है। उनकी अद्भुत कला, कौशल और रचनात्मकता निर्माण एवं सृजन के क्षेत्र में उत्कृष्टता का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि विश्वकर्मा जयंती केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि मेहनत, हुनर, तकनीकी दक्षता, कर्मठता और रचनात्मकता के सम्मान का अवसर भी है।
उन्होंने कहा कि देश और समाज के विकास में श्रमिकों, कारीगरों, मिस्त्रियों, तकनीकी विशेषज्ञों, इंजीनियरों, उद्यमियों और निर्माण कार्यों से जुड़े लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इनके परिश्रम और कौशल से ही विकास की गति आगे बढ़ती है। उन्होंने विश्वकर्मा जयंती पर सभी से अपने कार्य के प्रति ईमानदारी, समर्पण और निष्ठा के साथ आगे बढ़ने का संकल्प लेने का आह्वान किया। साथ ही आपसी भाईचारे, सद्भाव और एकजुटता के साथ समाज एवं राष्ट्र के विकास में योगदान देने की अपील की।
कार्यक्रम में नगर पुरोहित पंकज तिवारी, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, वरिष्ठ भाजपा नेता संदीप घोष, राजेंद्र चंद्राकर, हनीश बग्गा, शरद मराठा सहित मेशन मजदूर संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।
