झोपड़ी में बिक रही थी महुआ शराब, 10 लीटर जब्त

महासमुंद। अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिंघोड़ा पुलिस ने ग्राम लखनपुर तिराहा में कार्रवाई करते हुए 10 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब जब्त की है। पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट के तहत न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार 18 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम लखनपुर तिराहा में सड़क किनारे बनी झोपड़ी के पास एक व्यक्ति महुआ शराब बिक्री के लिए रखकर ग्राहकों का इंतजार कर रहा है। सूचना पर सिंघोड़ा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम धनीराम भोई उर्फ अमर (58), पिता संख्यानंद भोई, निवासी दीवानपाली, थाना सिंघोड़ा, जिला महासमुंद बताया। गवाहों की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उसके पास रखे पीले रंग के प्लास्टिक झोले में प्लास्टिक झिल्ली में भरी 10 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित देशी महुआ शराब मिली। इसकी अनुमानित कीमत 2 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया और उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। पुलिस के मुताबिक अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ जिले में कार्रवाई लगातार जारी है।

इन्हें भी पढ़े