स्वीकृति मिलते ही नगर पालिका अध्यक्ष का भव्य स्वागत

नवीन बस स्टैंड के लिए 6.50 करोड़ और नगर पालिका भवन के लिए 3.50 करोड़ रुपए मंजूर, पार्षदों ने गजमाला पहनाकर जताया आभार
महासमुंद। शहर की बढ़ती जरूरतों और नागरिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका के बजट सत्र 2025-26 एवं 2026-27 में प्रस्तावित नवीन बस स्टैंड और नवीन नगर पालिका भवन के निर्माण को स्वीकृति मिल गई है। नवीन बस स्टैंड के लिए 6.50 करोड़ रुपए तथा नवीन नगर पालिका भवन के लिए 3.50 करोड़ रुपए की स्वीकृति मिलने पर नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू का पार्षदों एवं नगर पालिका परिवार की ओर से भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया।
नगर पालिका पहुंचने पर अध्यक्ष साहू का गजमाला पहनाकर स्वागत किया गया। इस दौरान आतिशबाजी कर पार्षदों एवं नगर पालिका कर्मचारियों ने स्वीकृति मिलने की खुशी जाहिर की। पार्षदों ने कहा कि दोनों महत्वपूर्ण परियोजनाओं को अध्यक्ष द्वारा बजट सत्र में प्राथमिकता के साथ रखा गया था। लगातार किए गए प्रयासों के बाद अब दोनों कार्यों को स्वीकृति मिली है, जिससे शहर के विकास को नई दिशा मिलेगी।
6.50 करोड़ से बनेगा नया बस स्टैंड
नवीन बस स्टैंड का निर्माण 6.50 करोड़ रुपए की लागत से प्रस्तावित है। आधुनिक और व्यवस्थित बस स्टैंड बनने से यात्रियों, बस संचालकों और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। वहीं 3.50 करोड़ रुपए की लागत से नवीन नगर पालिका भवन का निर्माण किया जाएगा। इससे नगर पालिका के प्रशासनिक कार्यों के लिए बेहतर और सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध होगी।
निर्माण की रूपरेखा पर पार्षदों से चर्चा
स्वागत कार्यक्रम के बाद नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने पार्षदों के साथ बैठक कर दोनों परियोजनाओं के निर्माण एवं प्रस्तावित रूपरेखा पर चर्चा की। बैठक में नागरिक सुविधाओं, पार्किंग, आवागमन, भवन की उपयोगिता और शहर की भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर सभापति जय देवांगन, जितेंद्र देवनारायण ध्रुव, ईश्वरी भोई, ज्योति चंद्राकर, मुश्ताक खान, नीरज चंद्राकर, ओमिन टोमन कागजी, सीता टोंडेकर, धनेश्वरी सोनवानी, मुन्ना देवार, राहुल आवड़े, धनेन्द्र चंद्राकर, कल्पना सूर्यवंशी सहित अन्य पार्षद एवं नगर पालिका परिवार के सदस्य उपस्थित थे।

इन्हें भी पढ़े