पत्नी की डिलीवरी के खर्च पर टिप्पणी बनी विवाद की वजह

‘तुम बेवकूफ हो’ कहने पर भड़के पति, दो साथियों के साथ मिलकर पीटा
महासमुंद। पत्नी की डिलीवरी निजी अस्पताल में कराने के खर्च को लेकर की गई टिप्पणी के बाद विवाद हो गया। गाली-गलौज और मारपीट के मामले में बागबाहरा पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार घुंचापाली निवासी भागीरथी बंजारे ने शिकायत में बताया कि 13 सितंबर की रात करीब 8.30 बजे वह युगल किराना स्टोर्स के सामने रूपेश टंडन, मोगेश टंडन और हीरालाल टंडन के साथ बातचीत कर रहा था। बातचीत के दौरान उसे पता चला कि रूपेश ने अपनी पत्नी की डिलीवरी महासमुंद के निजी अस्पताल में कराई है। इस पर भागीरथी ने रूपेश से कहा कि वह बेवकूफ है और उसे कुछ पता नहीं है। उसने यह भी कहा कि पत्नी की डिलीवरी नुआपड़ा के अस्पताल में कराने पर कम खर्च आता।
पुलिस के मुताबिक इसी बात से नाराज होकर रूपेश टंडन ने मोगेश और हीरालाल टंडन के साथ मिलकर भागीरथी से गाली-गलौज की और मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। शिकायत पर बागबाहरा पुलिस ने तीनों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।