जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
गौरेला पेंड्रा मरवाही, 8 सितंबर 2026/कलेक्ट्रेट के अरपा सभा कक्ष में आयोजित जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याओं और मांगों से जुड़े 50 आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर विजय दयाराम के. ने आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण की जांच कर नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जनसुनवाई में अपनी समस्या लेकर पहुंचने वाले प्रत्येक नागरिक की बात संवेदनशीलता से सुनी जाए और पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने में आवश्यक पहल की जाए। उन्होंने अधिकारियों से आवेदनों के समयबद्ध निराकरण के साथ आवेदकों को राहत उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने कहा।
जनसुनवाई के दौरान शिव कुमार ने दिव्यांगता के आधार पर केवाईसी नहीं होने से राशन कार्ड से नाम कटने की समस्या को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने मामले को तत्काल जांच के लिए फूड इंस्पेक्टर को निर्देशित किया। जांच में पाया गया कि हितग्राही का दिव्यांगता के आधार पर राशन कार्ड पहले ही बनाया जा चुका है। जनसुनवाई में भूमिहीन कृषि मजदूर योजना की राशि, मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, टीसी में नाम सुधार, प्रधानमंत्री आवास, नक्शा-खसरा ऑनलाइन अपडेट, बंटवारा, भुगतान, विकास कार्य दुरुस्ती, बीमा राशि तथा डिजिटल क्रॉप सर्वे के भुगतान सहित विभिन्न विषयों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सभी प्रकरणों का परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
