कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक आयोजित

गौरेला पेंड्रा मरवाही, 8 सितंबर 2026/कलेक्टर विजय दयाराम के. की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट के अरपा सभाकक्ष में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की कार्यकारिणी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जल जीवन मिशन अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में जल जीवन मिशन अंतर्गत प्रगतिरत कार्यों की समीक्षा, योजना अंतर्गत भुगतान के अनुमोदन, निर्माण कार्यों को पूर्ण कराने के लिए अतिरिक्त समय वृद्धि के अनुमोदन तथा संचालित कार्यों के लिए सपोर्ट मद में देयकों के भुगतान सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
कलेक्टर ने जल जीवन मिशन के कार्यों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को और अधिक मेहनत, बेहतर समन्वय एवं गंभीरता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में जल जीवन मिशन के तहत चल रहे कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूर्ण कराना प्राथमिकता है। उन्होंने प्रगतिरत कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए मैदानी स्तर पर आने वाली समस्याओं का तत्काल निराकरण करने तथा कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और सभी संबंधित विभाग एवं एजेंसियां आपसी समन्वय से कार्य करते हुए जिले की प्रगति को और बेहतर बनाएं। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे, कार्यपालन अभियंता श्रीमती प्रिया सोनी एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

इन्हें भी पढ़े