दशकर्म कार्यक्रम से लौट रहे बाइक सवार दंपती को पिकअप ने मारी टक्कर, दोनों की मौत

बरिहापाली मोड़ के पास हुआ दर्दनाक हादसा, पुलिस ने चालक के खिलाफ दर्ज किया अपराध
महासमुंद। दशकर्म कार्यक्रम से बाइक पर लौट रहे दो लोगों की पिकअप वाहन की टक्कर से मौत हो गई। हादसा सरायपाली थाना क्षेत्र में भंवरपुर रोड स्थित बरिहापाली मोड़ के पास हुआ। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर आरोपी पिकअप चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 106(1) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 5 सितंबर को नरेंद्र कुमार नायक और बेदमोती उर्फ शांति नायक बाइक क्रमांक सीजी 06 जीक्यू 6458 से दशकर्म कार्यक्रम में शामिल होने ग्राम बरिहापाली गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे। दोपहर करीब 1.30 से 2 बजे के बीच भंवरपुर रोड पर बरिहापाली मोड़ के पास सामने से आ रहे पिकअप वाहन क्रमांक सीजी 07 जीजेड 9807 के चालक ने वाहन को लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों को गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें उपचार के लिए शासकीय अस्पताल सरायपाली पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद नरेंद्र कुमार नायक और बेदमोती उर्फ शांति नायक को मृत घोषित कर दिया। मामले में जलपुर निवासी लोकेश नायक की रिपोर्ट पर सरायपाली पुलिस ने आरोपी पिकअप चालक के विरुद्ध धारा 106(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।

इन्हें भी पढ़े