बाइक की टक्कर से युवक की मौत, आरोपी चालक पर केस
महासमुंद। सड़क दुर्घटना में युवक की मौत के मामले की जांच के बाद तुमगांव पुलिस ने आरोपी वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। मामला 2 सितंबर को नवजीवन मिशन स्कूल के पास हुई दुर्घटना से जुड़ा है।
पुलिस के अनुसार मर्ग जांच में सामने आया कि शिवकुमार गहरवाल अपने दोस्त लियाकत अख्तर के साथ उसके बच्चों को लेने बाइक क्रमांक सीजी 06 जीयू 0429 से नवजीवन मिशन स्कूल तुमगांव जा रहा था। बाइक पर पीछे शिवकुमार बैठा था। दोपहर करीब 2.30 बजे स्कूल के पास बाइक क्रमांक सीजी 04 क्यूक्यू 8790 के चालक ने पीछे से उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में शिवकुमार के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि लियाकत अख्तर के सिर, बाएं गाल, बाएं कंधे, कान और घुटने में चोटें आईं। दोनों को डायल 112 की मदद से सीएचसी तुमगांव ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने शिवकुमार गहरवाल को मृत घोषित कर दिया। जांच के बाद पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ धारा 281, 125(2), 106(1) बीएनएस और धारा 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है।
