घर में घुसकर टंगिया से युवक पर हमला, सिर में गंभीर चोट

विवाद के बाद युवक का किया पीछा, बचाव में हाथ आगे करने पर टूटी उंगली; पुलिस ने दर्ज किया अपराध
महासमुंद। पिथौरा थाना क्षेत्र के ग्राम भुरकोनी के जगदल्ला पारा में एक युवक पर घर में घुसकर टंगिया से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में अजय चक्रधारी के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि वार से बचने के दौरान उसके हाथ की एक उंगली टूट गई। घायल का अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया गया।
जानकारी के अनुसार, हलषष्ठी पूजा के दौरान गोठान के पास गिरधारी चक्रधारी ने कथित रूप से अजय चक्रधारी पर टंगिया से हमला कर दिया। हमले से बचने के लिए अजय मोटरसाइकिल से अपने घर की ओर भागा, लेकिन आरोपी ने उसका पीछा किया और घर के पास पहुंचकर दोबारा टंगिया से वार कर दिया। इस दौरान टंगिया अजय के सिर में लगी। बचाव के लिए उसने हाथ आगे किया, जिससे उसकी एक उंगली टूट गई।
घटना के दौरान अजय के पिता प्रमोद चक्रधारी ने आरोपी से टंगिया छुड़ाकर बीच-बचाव किया। रोशन वैष्णव और चुगन चक्रधारी ने भी हस्तक्षेप कर स्थिति को संभाला। आसपास के लोगों के मौके पर पहुंचने के बाद मामला और गंभीर होने से बच गया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर गिरधारी चक्रधारी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296 एवं 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।