श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर आज बागबाहरा में जुटेगा यादव समाज

प्रतिभावान बच्चों और सामाजिक जनों का होगा सम्मान, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ होगा सामाजिक सम्मेलन
महासमुंद। यादव महासभा खल्लारी विधानसभा के तत्वावधान में यदुवंशी शिरोमणि भगवान श्रीकृष्ण की जन्माष्टमी के अवसर पर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव, प्रतिभावान बच्चों एवं सामाजिक जनों का सम्मान समारोह तथा सामाजिक सम्मेलन का आयोजन 6 सितंबर रविवार को कृषि उपज मंडी प्रांगण, बागबाहरा में किया जाएगा। आयोजन को लेकर यादव समाज में उत्साह का माहौल है।
कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 10 बजे भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना के साथ होगा। इसके बाद सुबह 11 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसमें बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस, पेंटिंग और नृत्य प्रतियोगिता के साथ महिलाओं के लिए रंगोली एवं कुर्सी दौड़ सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
दोपहर 1 बजे अतिथियों का स्वागत किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 2 बजे प्रतिभावान बच्चों एवं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सामाजिक जनों का सम्मान किया जाएगा। दोपहर 3 बजे मुख्य अतिथि का उद्बोधन होगा।
समारोह के मुख्य अतिथि खल्लारी विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं जिला कांग्रेस कमेटी महासमुंद के अध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव होंगे। वहीं चंद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामकुमार यादव कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। समारोह में यादव समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता विशेष रूप से शामिल होंगे।
आयोजक यादव महासभा खल्लारी विधानसभा ने क्षेत्र के सामाजिक बंधुओं, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, माताओं-बहनों और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत करना तथा यादव समाज की संस्कृति एवं परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।