पायल नहीं पहनने पर पत्नी की रॉड से पिटाई

पति के खिलाफ अपराध दर्ज
महासमुंद। पैरपट्टी (पायल) नहीं पहनने की बात को लेकर पति ने पत्नी के साथ मारपीट कर दी। आरोपी पति ने रॉड से पत्नी की पिटाई की। पीड़िता की शिकायत पर तुमगांव पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम अछोला निवासी तारणी चतुर्वेदी के साथ 2 सितंबर की रात करीब 7.30 बजे उसके पति दामोदर ने मारपीट की। बताया गया कि पति ने पत्नी से पैरपट्टी (पायल) क्यों नहीं पहनती कहते हुए विवाद किया और रॉड से उसकी पिटाई कर दी। घटना के बाद पीड़िता ने तुमगांव थाने पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी दामोदर के खिलाफ धारा 115(2), 296 और 351(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।