खेत में काम कर रही महिला को गिराकर चांदी का कंगन लूटा

महासमुंद। ग्राम पंडरीपानी के कारीडोंगर खार स्थित खेत में अकेली काम कर रही 55 वर्षीय महिला से अज्ञात व्यक्ति चांदी का कंगन छीनकर फरार हो गया। आरोपी ने पहले महिला से बातचीत की और कुछ देर बाद उसे खेत में गिराकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसके हाथ से चांदी का कंगन निकालकर जंगल की ओर भाग निकला।
पुलिस के अनुसार, ग्राम पंडरीपानी निवासी सुखबती पांड़े (55) एक सितंबर की दोपहर करीब 2 बजे कारीडोंगर खार स्थित अपने खेत में अकेली काम कर रही थी। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचा और महिला से बातचीत करने लगा। कुछ देर बाद आरोपी ने महिला को खेत में गिरा दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए उसके हाथ से चांदी का कंगन निकाल लिया। घटना के बाद आरोपी जंगल की ओर भाग गया।
महिला की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 309(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की पहचान और तलाश में जुटी है।