राज्य खेल अलंकरण में महासमुंद का दबदबा, चार खिलाड़ी सम्मानित
filter: 0; fileterIntensity: 0.0; filterMask: 0; captureOrientation: 0; brp_mask:0; brp_del_th:null; brp_del_sen:null; delta:null; module: photo;hw-remosaic: false;touch: (0.41142035, 0.3771993);sceneMode: 3145728;cct_value: 0;AI_Scene: (-1, -1);aec_lux: 0.0;aec_lux_index: 0;albedo: ;confidence: ;motionLevel: -1;weatherinfo: null;temperature: 43;
तीन पैरा एथलीटों को खेल अलंकरण, तीरंदाज चांदनी को मुख्यमंत्री ट्रॉफी; महिला आरक्षक प्रियंका को शहीद पंकज विक्रम सम्मान
महासमुंद। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य खेल अलंकरण समारोह में महासमुंद जिले के खिलाड़ियों ने शानदार उपलब्धि हासिल की। जिले के तीन पैरा एथलीट लक्की यादव, सुखदेव और निखिल यादव को राज्य खेल अलंकरण से सम्मानित किया गया। वहीं तीरंदाजी में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए चांदनी साहू को मुख्यमंत्री ट्रॉफी तथा तुमगांव थाने में पदस्थ महिला आरक्षक प्रियंका ठाकुर को वुशु में उपलब्धियों के लिए शहीद पंकज विक्रम सम्मान प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने प्रदेश के वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 के 126 उत्कृष्ट खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को सम्मानित किया।
लक्की को 3 लाख, सुखदेव-निखिल को 1.50-1.50 लाख
फॉर्च्यून नेत्रहीन विद्यालय करमापटपर, बागबाहरा के लक्की यादव को वर्ष 2025-26 के शहीद राजीव पांडेय पुरस्कार से नवाजा गया। उन्हें फलक, प्रमाण पत्र और 3 लाख रुपए की पुरस्कार राशि मिली। लक्की ने विश्व पैरा एथलेटिक्स 2026 में रजत पदक जीता था।
सुखदेव को वर्ष 2024-25 के शहीद कौशल यादव पुरस्कार के तहत 1.50 लाख रुपए मिले। उन्होंने 23वीं नेशनल पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में स्वर्ण पदक सहित कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण जीते हैं। निखिल यादव को भी वर्ष 2025-26 के शहीद कौशल यादव पुरस्कार से 1.50 लाख रुपए मिले। उन्होंने ग्वालियर में आयोजित जूनियर एवं सब जूनियर पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक हासिल किया था।
वुशु में प्रियंका का लगातार बेहतर प्रदर्शन
तुमगांव थाने में पदस्थ महिला आरक्षक प्रियंका ठाकुर को वर्ष 2023-24 के शहीद पंकज विक्रम सम्मान से सम्मानित किया गया। वे वर्ष 2016 से लगातार राष्ट्रीय सीनियर वुशु चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर रही हैं और राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश को दो कांस्य पदक दिला चुकी हैं।
चांदनी को दो वर्षों की मुख्यमंत्री ट्रॉफी
तीरंदाजी में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए महासमुंद की चांदनी साहू को सीनियर महिला टीम के लिए वर्ष 2024-25 और 2025-26 की मुख्यमंत्री ट्रॉफी प्रदान की गई। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने सभी सम्मानित खिलाड़ियों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
