बुजुर्ग महिला घर में बेहोश मिली, सिर पर चोट के निशान

महासमुंद। ग्राम सिनोधा में एक 70 वर्षीय वृद्धा अपने घर में बेहोशी की हालत में मिली। उसके सिर पर चोट के निशान थे और खून बह रहा था। घटना के बाद उसे उपचार के लिए पटेवा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में पटेवा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम सिनोधा निवासी हुमन सिंह गोंड़ (57) ने 30 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि वह पिछले छह वर्षों से मानबाई ध्रुव (70) के खेत में किसानी का काम करता है। 30 अगस्त की सुबह करीब 6 बजे वह मानबाई के घर पहुंचा तो सामने का दरवाजा और कमरे का दरवाजा खुला था। कमरे में मानबाई खाट पर बेहोशी की हालत में पड़ी थीं। उनके सिर पर चोट का निशान था और खून निकल रहा था।
कमरे के अंदर दो पेटियां भी खुली हुई थीं और सामान बिखरा पड़ा था। हुमन सिंह ने पड़ोसियों खिलावन सिंह ध्रुव, अमन सिंह ध्रुव, पवन ध्रुव सहित अन्य लोगों को बुलाया। इसके बाद सभी ने मिलकर मानबाई को एंबुलेंस से पटेवा अस्पताल पहुंचाया। रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 331(4), 309(6) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

इन्हें भी पढ़े